अमेरिका पुलिस हिरासत में अश्वेत की मौत के बाद हिंसा भड़की, 25 शहरों में कर्फ्यू
वॉशिंगटन. अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनेपोलिस शहर में पुलिस हिरासत में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद 30 शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं। कई शहरों में शनिवार रात पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प हुई। लॉस एंजिल्स, फिलाडेल्फिया और अटलांटा समेत 16 राज्यों के 25 शहरों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। ट्रम्प ने प्रदर्शनकारियों के चेतावनी देते हुए कहा है कि हमारे पास खतरनाक कुत्ते और घातक हथियार हैं। प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को प्लास्टिक की बोतलों में पानी भरकर पुलिस अधिकारियों पर फेंकी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस के नजदीक शेवरलेट की गाड़ियों में आग लगा दी। यह गाड़ियां पुलिस और विशेष सेवा के अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल की जाती हैं।
पुलिस ने बताया कि अभी तक पूरे अमेरिका 1400 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। प्रदर्शन के दो दिनों के दौरान मिनेसोटा में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों में 80% मिनेपोलिस से हैं। मिनेसोटा में गुरुवार दोपहर से शनिवार दोपहर तक दंगा, चोरी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 51लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से 43 लोग मिनेपोलिस के थे। प्रदर्शन के दौरान फिलाडेल्फिया में 13 पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलस कमिश्नर डेनिएल आउटलॉ के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की चार गाड़ियों को भी जला दिया। इस दौरान पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया ।
ट्रम्प ने कहा- मैं सब देख रहा था
प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस के बाहर भी शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद इसे बंद कर दिया गया था। शनिवार को भी प्रदर्शनकारी व्हाइट हाउस के बाहर इकट्ठा हुए। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों से उनकी झड़प भी हुई। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस की सुरक्षा करने वाले अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों की प्रशंसा की है।
ट्रम्प ने कहा, ''वेरी कूल, मैं अंदर था और हर एक घटना देख रहा था। मैं बहुत सुरक्षित महसूस कर रहा था। पेशेवर तरीके से संगठित बड़ी भीड़, लेकिन कोई भी फेंस को तोड़ने के लिए नजदीक नहीं आया। अगर वे आते तो उनका स्वागत खतरनाक कुत्तों और घातक हथियारों से होता। ''इसके साथ ही ट्रम्प ने वॉशिंगटन डीसी के मेयर मुरेल बाउजर पर अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की मदद के लिए पुलिस नहीं मुहैया कराने का आरोप लगाया है।
इन राज्यों में हो रहा प्रदर्शन
कैलिफोर्निया, कोलोराडो, फ्लोरिडा, जॉर्जिया, इलिनॉय, केंटकी, मिनेसोटा, न्यूयॉर्क, ओहायो, ओरेगन, पेंसिल्वेनिया, साउथ कैरोलिना, टेनेसी, उटाह, वॉशिंगटन, विस्कॉन्सिन।