कैरम बोर्ड बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 3 घंटे की मेहनत से आग पर पाया काबू

मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के हापुड़ रोड आशियाना कालोनी में देर रात अचानक एक कैरम बोर्ड बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें देख फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की तरफ भागे। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। लाखों रुपए के नुकसान की संभावना जताई गई है।
अचानक धुआं उठने लगा, लोग घरों से बाहर भागे
सराय बहलीम निवासी नासिर की आशियाना कालोनी में कैपिटल स्पोर्ट्स नाम से कैरम बोर्ड बनाने की फैक्ट्री है। देर रात अचानक उसकी फैक्ट्री के अंदर से धुआं निकलने लगा। थोड़ी देर बाद ही फैक्ट्री के अंदर से आग की लपटें उठने लगीं। आग ने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से आग लपटें निकलते देख लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
तीन घंटे की मेहनत से आग पर पाया काबू
इसी दौरान जब फैक्ट्री से धमाके के साथ आग की लपटें तेज हुईं तो लोग जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग खड़े हुए। घंटों तक आशियाना कालोनी में अफरातफरी का माहौल रहा। मोहल्ले के लोगों ने ही आग लगने की सूचना फैक्ट्री मालिक नासिर और दमकल विभाग को फोन से दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोश राय का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के सही कारण का पता चल सकेगा।